CHHAPRA DESK- सारण जिले में बालू और दारू माफियाओं की बल्ले-बल्ले है. आज इसी क्रम में रिविलगंज थाना क्षेत्र के दिलिया रहीमपुर में बालू माफिया के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनकी ट्रैक्टर को पकड़ना चाहा तो बालू माफिया ट्रैक्टर लेकर तेजी से भागने लगे. उस दौरान तेज गति ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हालांकि उसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया. बताया जा रहा है कि उसकी हड्डियां टूट गई हैं. हालांकि परिवार वाले उसे लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उसके ऑपरेशन की तैयारी चल रही है. बताया जा रहा है कि भगवान बाजार थाने की पुलिस बालू माफिया के ट्रैक्टर का पीछा कर रही थी. उसी दौरान भाग रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से दूध लेने जा रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 निवासी ब्रजेश कुमार के रूप में हुई है. इस हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. हालांकि, परिजनों की ओर से उनका इलाज भगवान बाजार थाना क्षेत्र के एक निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है. इस घटना को लेकर पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है. वही समाचार प्रेषण तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी है.
पीछे लगी पुलिस तो बालू माफिया के ट्रैक्टर लेकर भागने के क्रम में एक व्यक्ति चपेट में आने से गंभीर

