CHHAPRA SIWAN DESK - वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल के विभिन्न रेलखंडों पर सघन टिकट जांच अभियान निरंतर चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आज छपरा, सिवान, मशरक, छपरा कचहरी एवं दुरौंधा स्टेशनों को आधार बनाकर छपरा कचहरी–मशरक–दुरौंधा रेलखंड के स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किया गया. अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 55105 छपरा कचहरी–थावे डेमू तथा 15708 अमृतसर–कटिहार आम्रपाली मेल एक्सप्रेस (सिवान–एकमा–छपरा रेलखंड) सहित विभिन्न सवारी एवं मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई. मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, सिवान प्रणव प्रभाकर एवं मुख्य टिकट निरीक्षक सईद अख्तर के नेतृत्व में 5 टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 2 जवानों की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया. जांच के दौरान 38 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹23,170 (तेईस हजार एक सौ सत्तर) का जुर्माना वसूल कर रेलवे राजस्व में जमा कराया गया. अभियान के दौरान संबंधित स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रा टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं, जो यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत है.
छपरा सिवान रेल खंड पर चेकिंग के दौरान 38 बेटिकट यात्री पकड़ाए; वसूला गया ₹23,170 का जुर्माना


