VAISHALI DESK - बिहार के बेतिया में हुए करोड़ों रुपये के सोना लूटकांड का कनेक्शन वैशाली से जुड़ने के बाद पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है. मामले की जांच के लिए एसटीएफ और डीआईयू की टीम संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है. बताया जा रहा है कि वैशाली जिले के रहने वाले करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. हिरासत में लिए गए लोगों से लूटकांड में उनकी कथित भूमिका, अन्य साथियों के नाम और लूटे गए सोने की बरामदगी को लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी भी संदिग्ध या आरोपित के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है. इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच के लिए बेतिया से एसडीपीओ स्तर के एक अधिकारी भी हाजीपुर पहुंचे हैं. उनके नेतृत्व में स्थानीय पुलिस, एसटीएफ और डीआईयू की टीम संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है. जिले के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देने के साथ संदिग्धों के घरों की तलाशी भी ली जा रही है.सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दिखे एक संदिग्ध के दो परिजनों को भी पुलिस पूछताछ के लिए ले गई है. उनसे लूटकांड से जुड़े संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से घटना में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए आभूषणों के बारे में जानकारी मिल सकती है.
मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच
पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर भी जांच कर रही है. जांच टीम संदिग्धों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन खंगाल रही है. लूट की घटना वाले दिन और उसके बाद संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि लूटकांड में वैशाली के कुछ अपराधियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं. इसी वजह से बेतिया और वैशाली पुलिस आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई कर रही है. फिलहाल पुलिस जांच जारी होने की बात कह रही है. अधिकारियों की ओर से मामले में आधिकारिक जानकारी और आरोपितों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है.
18 नवंबर को बेतिया में हुई थी 40 करोड़ के आभूषणों की लूट
मालूम हो कि पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में 18 नवंबर को दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के आभूषणों की लूट हुई थी. तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ हथियारबंद अपराधी बिना नकाब पहने ग्राहक बनकर शोरूम में दाखिल हुए थे.अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर शोरूम के आठ कर्मचारियों और तीन ग्राहकों को बंधक बना लिया था. इसके बाद करीब 20 से 30 मिनट तक काउंटर और तिजोरी से आभूषण निकालकर बैग में भरते रहे. इस वारदात में करीब 35 से 40 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जतायी गई थी.

