CHHAPRA DESK- कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गोदना-सेमरिया नहान मेला का विधिवत उद्घाटन बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता एवं विधायक छोटी कुमारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. उक्त अवसर पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोदना सेमरिया मेला में पहुंच कर मुझे गौरव प्राप्त हो रहा है. इस पावन धरती पर श्रीराम का चरण पडा़ और माता अहिल्या का उद्धार हुआ. इस स्थान पर आकर मैं धन्य हो गया। कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र गंगा स्नान करने और दान-पुण्य से जीवन में सुख शांति और समृद्धि आती है. यह गोदना सेमरिया मेला हमारी आस्था, सांस्कृतिक परम्परा और समाजिक एकता के प्रतीक हैं. मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के पवित्र तट पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालु पुण्य स्नान, ध्यान और दान के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। गोदना सेमरिया मेला के उद्घाटन समारोह में मुख्य पार्षद अमिता यादव, पूर्व मुख्य पार्षद एवं भाजपा नेता रमेश प्रसाद, भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रसाद, वार्ड पार्षद किशोर सिंह पप्पू, बीस सूत्री अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, अनुरंजन प्रसाद, सत्येन्द्र कुमार शर्मा, विवेक सिंह, सत्येन्द्र सिंह, विकास कुमार सिंह वार्ड पार्षद, दिनेश राय वार्ड पार्षद, गोदना सेमरिया मेला समिति के अध्यक्ष एसडीओ, एसडीपीओ, कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य वार्ड पार्षदों के साथ अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू तट पर लगने वाला यह पारंपरिक नहान मेला धार्मिक आस्था, लोकपरंपरा और सामाजिक समागम का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सुरक्षा में पुलिस बल तैनात हैं.
गोदना-सेमरिया नहान मेला का पर्यटन मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन

