CHHAPRA DESK- चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और जरूरतमंदों को निरंतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए छपरा के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ अमरेश कुमार को लखनऊ में एक साथ दो-दो अवार्ड से सम्मानित किया गया है. ह्यूमन राइट्स एंड सोशल जस्टिस के बैनर तले आयोजित इस समारोह में उन्हें नोबेल अवॉर्ड फार मेडिकल साइंस एवं राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा विभूषण सम्मान से लखनऊ के होटल ऑरनेट होटल में सम्मानित किया गया है. उनकी इस उपलब्धि पर चिकित्सकगण एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है. यह सम्मान उन्हें उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य मंत्री तथा पद्मश्री डॉ प्रोफेसर हेमंत कुमार के द्वारा प्रदान किया गया है. बता दें कि यह सम्मान चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों और सामाजिक योगदान को देखते हुए दिया गया है. वैसे इससे पहले भी डॉ अमरेश कुमार राष्ट्रीय चिकित्सा सेवाश्री सम्मान और राष्ट्रीय चिकित्सा सेवा भूषण सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं. डॉ अमरेश वर्ष 2021 से छपरा में अपनी चिकित्सा सेवाएं दे रहे हैं. वे शहर स्थित सुश्रुत हॉस्पिटल के संचालक हैं और हड्डी रोग विशेषज्ञ के रूप में मरीजों का इलाज करते हैं. चिकित्सा कार्यों के साथ-साथ वे सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं. उनकी कोशिश रहती है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके. इसी उद्देश्य से वे प्रत्येक रविवार को मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं सेवा देते हैं. इसके अलावा प्रत्येक गुरुवार को रामकृष्ण मिशन में भी जरूरतमंद मरीजों को अपनी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराते हैं. चिकित्सा सेवा के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है.