CHHAPRA DESK- सारण जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं. इस क्रम में सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए घाटों पर श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है.

प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न छठ घाटों को चिन्हित कर संवेदनशील एवं खतरनाक घाटों के संबंध में आम लोगों को पूर्व से ही सतर्क किया गया है. सभी प्रमुख घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. इस क्रम में दोनों अधिकारियों ने मांझी स्थित रामघाट का भी निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया.