CHHAPRA DESK- लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए रेल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है. पूर्वोत्तर रेलवे के थावे-छपरा, थावे-कप्तानगंज और थावे-सीवान रेलखंडों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसी क्रम में आज बुधवार को जीआरपी थानाध्यक्ष अमृता कुमारी के नेतृत्व में रेल पुलिस की टीम ने थावे रेल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित 12 प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान थावे से जलालपुर, हथुआ और दिघवा-दुबौली तक रेलवे लाइन के आसपास स्थित छठ घाटों का जायजा लिया गया. पुलिस टीम ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, रेलवे क्रॉसिंग और उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां से श्रद्धालु रेलवे ट्रैक पार करते हैं. साथ ही स्थानीय लोगों और छठ व्रतियों को ट्रेनों की आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया.
रेलवे पुलिस ने निरीक्षण के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास स्थित 12 छठ घाटों को सुरक्षा की दृष्टि से चिह्नित किया. इनमें जलालपुर स्टेशन के आगे किलोमीटर संख्या 45/9 पर गेट संख्या 13/सी के पास तथा स्टेशन के पोल किलोमीटर संख्या 45/1 के समीप स्थित घाट शामिल हैं. इसके अलावा सासामुसा स्टेशन के किलोमीटर संख्या 37/9, थावे गेट संख्या 2/एसी के पास सुकुल्वा खुर्द गांव तथा मशरक स्टेशन और श्याम कौड़िया के बीच गेट संख्या 34/वी-2 के पास स्थित घाटों का भी निरीक्षण किया गया. वहीं, अल्हेपुर हॉल्ट के पास, दिघवा-दुबौली और कतालपुर हॉल्ट के बीच, रतनसराय स्टेशन और शेर हॉल्ट के मध्य तथा मांझागढ़ और गोपालगंज के बीच दो स्थानों को भी चिह्नित किया गया है. इसके अतिरिक्त गोपालगंज-थावे रेलखंड पर गेट संख्या 65/ए के बगल में और हथुआ जंक्शन से करीब दो किलोमीटर उत्तर गेट संख्या 13/सी के पास भी छठ पूजा के आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया. जीआरपी थानाध्यक्ष अमृता कुमारी ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा के दौरान अनावश्यक रूप से रेलवे ट्रैक पर न जाएं. ट्रेनों के आवागमन के समय रेलवे लाइन पार करने से बचें तथा घाटों तक पहुंचने के लिए निर्धारित रास्तों का ही उपयोग करें. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा रेलवे पुलिस की प्राथमिकता है। छठ पर्व के दौरान रेल पुलिस की टीम लगातार सतर्क रहेगी.उन्होंने लोगों से रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की, ताकि लोक आस्था का महापर्व छठ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.

