CHHAPRA DESK- पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एजीएम विनोद कुमार शुक्ला एवं एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, होल्डिंग एरिया, सेकेंड एंट्री और यूटीएस हॉल समेत विभिन्न स्थानों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सर्कुलेटिंग एरिया में साफ-सफाई के दौरान उड़ने वाली धूल को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सफाई के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. वहीं, सर्कुलेटिंग एरिया में मंदिर के बगल में बनी झोपड़ी को हटाने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सर्कुलेटिंग एरिया को पूरी तरह खाली रखा जाए, ताकि यात्रियों की भीड़ के दौरान आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं हो. शौचालय के बगल में गंदगी देखकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और जल्द सफाई कराने के साथ वहां पेड़ लगाने का निर्देश दिया. एटीवीएम मशीन पर कर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और नाराजगी जाहिर की. वहीं, होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए पीने के पानी के साथ गिलास उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द सुधार करने का निर्देश दिया. इस मौके पर रेलवे के तमाम वरीय अधिकारी, आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार, आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव, डीसीआई राजेंद्र, आईओडब्ल्यू आरके सिंह, सीडीओ अशोक कुमार, अरुण कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

