CHHAPRA DESK- सारण जिले के जनता बाजार थाना अंतर्गत बहुआर बाबा गांव के समीप बाइक व मोबाइल लूट का प्रयास के दौरान चाकूबाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस मामले में जख्मी दोनों युवकों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. जख्मी में स्थानीय थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी स्वर्गीय केदार चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र शैलेश कुमार चौधरी एवं अशर्फी चौधरी का 22 वर्षीय पुत्र उपेंद्र कुमार चौधरी शामिल है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोनों युवक आज देर संध्या जनता बाजार से अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. उसी बीच बहुआर बाबा गांव के समीप चार पांच युवकों के द्वारा उनका बाइक व मोबाइल लूटने का प्रयास किया गया. उस दौरान दोनों युवक उनसे हाथापाई करने लगे. इस बीच एक युवक ने चाकू निकाल कर दोनों के ऊपर हमला कर दिया. जख्मी होकर चीखने-चिल्लाने के बाद वे लोग भाग गए. वहीं जख्मी दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. वहीं इस मामले में पीड़ित के द्वारा थाना को आवेदन देकर बाइक व मोबाइल लूट का प्रयास के दौरान चाकू मारने की बात बताई गई है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.