CHHAPRA DESK- सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र स्थित बाजार में उस समय अफरातफरी मच गई जब पेट्रोल टैंकर के ब्रेक से अचानक धुआं निकलने लगा. लोग अपनी दुकान बंद कर भागने लगे. बताया जा रहा है कि बरौनी से टैंकर में पेट्रोल लोड कर छपरा की ओर जा रहे एक टैंकर के ब्रेक से अचानक धुआं निकलने लगा. टैंकर से धुआं निकलता देख बाजार में अफरा-तफरी मच गई. अनहोनी की आशंका से आसपास के दुकानदार आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर से धुआं निकलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल वाहन बंद कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही नयागांव थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. जांच के दौरान पता चला कि टैंकर के ब्रेक से धुआं निकल रहा था. इस घटना के कारण बाजार में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा. वहीं, सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई और थोड़ी देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. चालक की तत्परता से पेट्रोल टैंकर में आग लगने की आशंका टल गई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया.