CHHAPRA DESK- सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मांझी, सारण जिला भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव एवं एसएससी विनीत कुमार के द्वारा मांझी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया. उस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम निर्धारण, स्थल की व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा एवं आगंतुकों की सुविधा सहित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये. निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के प्रत्येक प्रस्तावित कार्यक्रम एवं गतिविधि का स्पष्ट विवरण तैयार करते हुए उसके अनुरूप सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए. उन्होंने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज में निरीक्षण के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं प्रत्येक गतिविधि की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराते हुए उसी के अनुरूप आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें. इसके पश्चात जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने रामघाट पहुंचकर पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया. इस दौरान घाट की सीढ़ियों, मंदिर परिसर, कैफे, अटल वाटिका, बैरिकेडिंग, हैंगर निर्माण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का एक-एक कर अवलोकन किया गया. जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि रामघाट परिसर के सभी स्थलों का समुचित सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थित विकास सुनिश्चित किया जाए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने रामघाट एवं आसपास के संपूर्ण परिसर को आकर्षक, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने, घाट की सभी सीढ़ियों की साफ-सफाई, मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, मंदिर परिसर की साफ-सफाई, साज-सज्जा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, कैफे तथा अटल वाटिका के सौंदर्यीकरण एवं सुव्यवस्थित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने, प्रस्तावित कार्यक्रमों के अनुरूप आवश्यक बैरिकेडिंग, आवागमन के मार्ग एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया.