PATNA DESK- पटना, बेगूसराय, वैशाली, कटिहार, पूर्णिया और अररिया समेत कई जिलों में लूट, डकैती और धोखाधड़ी की घटनाओं में वांछित कोढ़ा गैंग के दो बदमाशों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान राजकुमार यादव और सिकंदर यादव के रूप में हुई है. दोनों कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के रहने वाले हैं. इनके पास से 10.63 लाख रुपये नकद और 13.60 ग्राम सोने की चेन बरामद की गई है.
कई जिलों की पुलिस ने की संयुक्त छापेमारी
जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी वर्ष 2025 में हाजीपुर टाउन थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना के बाद से फरार चल रहे थे. इसी बीच एसटीएफ को इनके ठिकाने की सूचना मिली. इसके बाद पटना, बेगूसराय, कटिहार और वैशाली जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दोनों को कटिहार से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने चेन स्नेचिंग की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पटना पुलिस को भी इनकी चेन स्नेचिंग के कई मामलों में तलाश थी.
सिकंदर पर पांच आपराधिक मामले दर्ज
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार सिकंदर यादव के खिलाफ पश्चिमी चंपारण और मधेपुरा जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं, दोनों के पास से बरामद 10.63 लाख रुपये की रकम अपराध से अर्जित बताई जा रही है. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने गिरोह के कई अन्य सदस्यों के नामों की जानकारी पुलिस को दी है. पुलिस अब इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों को वैशाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है. वहीं, पटना पुलिस भी दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अन्य आपराधिक घटनाओं और गिरोह के सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.

