SIWAN DESK- - सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयास का मामला सामने आया है. इस संबंध में सिवान साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है. सिवान पुलिस कार्यालय से आज 11 नवंबर को जारी जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को पुलिस के सरकारी मोबाइल पर इंस्टाग्राम प्रोफाइल आईडी Simab Akhtar (@simabakhtar2) से एक वीडियो प्राप्त हुआ था. वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा आरोप लगाया गया है कि विनय पाण्डेय नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर मुस्लिम नेताओं और अल्लाह के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं.प्राप्त वीडियो में कथित रूप से विनय पाण्डेय द्वारा मुस्लिम समुदाय के लोगों के प्रति अमर्यादित एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई है. वीडियो में कई स्थानों पर कथित अपशब्दों को म्यूट कर प्रस्तुत किया गया है. इसके अतिरिक्त, एक अन्य वीडियो में संबंधित व्यक्ति को इंस्टाग्राम आईडी @SANATANI_VINAY_007 के साथ दिखाए जाने की बात भी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया इस तरह के सोशल मीडिया कंटेंट से धार्मिक भावनाएं आहत होने, विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य उत्पन्न होने तथा लोक शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सीवान के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है. टीम वीडियो की सत्यता, उसके स्रोत और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है. दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है. सीवान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ, आपत्तिजनक या अपुष्ट सामग्री को साझा न करें. जिले में शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें.