CHHAPRA DESK- आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छपरा जंक्शन पर यात्रियों की संभावित भारी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सजग है. इसी क्रम में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से छपरा जंक्शन का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यात्रियों के ठहरने एवं प्रतीक्षारत यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने स्टेशन पर उपस्थित यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी अनुभवों एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी भी प्राप्त की. जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित की जाएं. यात्रियों की आवाजाही सुगम रखने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, भीड़ का प्रभावी प्रबंधन करने तथा प्रतीक्षारत यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए.उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त व्यवस्था भी सुनिश्चित करें. वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा स्टेशन परिसर में सतत निगरानी एवं प्रभावी भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने पर बल दिया.
इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सदर सहित जिला स्तरीय अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे. जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान सारण आने-जाने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है.

