CHHAPRA DESK- सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सगी मां ने ही अपनी 10 वर्षीय बेटी को खाट से बांधकर पीट-पीट के मौत के घाट उतार दिया. मामला मकेर थाना क्षेत्र के बाघाकोल पंचायत अंतर्गत लागुनिया पोखरी गांव की है. जहां निर्दयी मां ने गुस्से में आकर घर में तांडव मचाते हुए हत्यारिन का रूप ले लिया. वहीं आसपास के लोग तमाशबीन बनकर देखते रहे. इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर हैं. मृतका की पहचान गांव निवासी रंजीत शर्मा की 10 वर्षीय पुत्री रानी कुमारी
के रूप में की गई है. रानी अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और उसके दो छोटे भाई—8 वर्षीय आशीष और 6 वर्षीय आदित्य हैं. घटना के संबंध में मृतका की फुआ और प्रत्यक्षदर्शी छोटे भाई आदित्य ने दर्दनाक विवरण साझा किया. परिजनों के अनुसार, आरोपी मां अनिता देवी अक्सर अपनी बेटी रानी को
घर के कामकाज करने को लेकर प्रताड़ित करती थी और आए दिन उसके साथ मारपीट करती थी. आज उसने अपनी बेटी को खाट से बांधकर इतना पीटा की अंततः उसकी मौत हो गई. जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया है. वहीं इस मामले में पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है.

