CHHAPRA DESK- बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के अधिवेशन भवन से मद्यनिषेध के तहत ‘नशामुक्त बिहार अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया. इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम से बिहार के सभी जिले ऑनलाइन माध्यम से जुड़े. इसी क्रम में सारण जिले का कार्यक्रम छपरा स्थित लोकनायक जयप्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली. जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार आयोजित कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुई. इसके बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों सहित ऑनलाइन जुड़े विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. उन्होंने नशामुक्त बिहार के निर्माण में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. शपथ के दौरान प्रतिभागियों ने किसी भी प्रकार के नशीले एवं मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. अभियान के माध्यम से समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया. कार्यक्रम में लोगों ने अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई. साथ ही नशीले पदार्थों से संबंधित सरकारी कानूनों एवं नियमों का पालन करने और स्वस्थ व सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान जनभागीदारी को नशामुक्त बिहार के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया गया. अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक नशामुक्त जीवन का संदेश पहुंचाना और लोगों को इस मुहिम से जोड़ना है, ताकि जागरूकता के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को कम करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा सकें.