CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत गड़खा थाना क्षेत्र के कुचाव चंवर में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद हिंसक झड़प हो गई और दनादन चाकू चलने लगे. उस दौरान एक पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया. हमले में राहुल कुमार की जीभ काट दी गई है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सभी जख्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज कराया जा रहा है. जख्मी में तारकेश्वर साह के पुत्र अंकित कुमार और अंशु कुमार के अलावा प्रवीण कुमार तथा उनके पुत्र राहुल कुमार शामिल हैं. परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने राहुल कुमार की जीभ काटने की नीयत से उसके मुंह पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी जीभ कट गई. इस घटना में उसे गंभीर चोट आई है. सदर अस्पताल में इलाजरत जख्मी के परिजनों ने बताया कि पूर्वजों के समय ही जमीन का बंटवारा कर दिया गया था. जिसके बावजूद विवाद जारी है. वे अपनी जमीन पर छिड़काव कर रहे थे, उसी दौरान उनके पट्टीदार चाकू लेकर पहुंचे और ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में चार लोग जख्मी हो गए. परिजनों ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर पहले भी पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
भूमि विवाद को ले हिंसक झड़प ; चाकूबाजी में एक पक्ष के चार लोग गंभीर

