CHHAPRA DESK- सारण जिले से एक बार फिर टावर पर चढ़कर डीएम को बुलाने की मांग करने का एक मामला सामने आया है. लेकिन, इस बार मामला ना तो प्रेमी-प्रेमिका का है और ना ही पति-पत्नी में सुलह कराने का. इस बार का मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ है. इस साइबर फ्रॉड का शिकार एक साइबर कैफे संचालक हुआ है. जिसके खाते में 50 लाख रुपए की रकम आती है और यह मैसेज पढ़कर वह खुशी से झूम उठता है. लेकिन, कुछ पल में ही उसकी खुशी काफूर हो जाती है, जब पता चलता है कि उसके अकाउंट से 50 लाख रुपए कट भी गये और उसके उपर 50 लाख का लोन हो गया है. यह सुनने समझने के बाद उसकी मनोदशा बिगड़ जाती है और वह सीधे टावर पर चढ़कर डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ी जाता है. मामला छपरा शहर के नगर थाना अंतर्गत तेलपा मोहल्ला का है. उक्त युवक स्थानीय निवासी शिवजी चौधरी का पुत्र संजीव कुमार उर्फ भोला बताया गया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि भोला भिखारी ठाकुर चौक पर साइबर कैफ़े चलाता है. 


साइबर फ्रॉड का ऐसे हुआ शिकार 


पूरा मामला ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी का है. साइबर कैफे संचालक भोला के मोबाइल पर साइबर अपराधियों के द्वारा कुछ मैसेज दिए गए थे और मैसेज दिया गया कि उसका लोन पास हो गया है और 50 लाख रुपए उसके खाते में जमा कर दी गई है. जिसके बाद वह जैसे ही अपने अकाउंट को चेक करता है तो उसमें 50 लाख रुपए की रकम देखकर उसके खुशी का ठिकाना नहीं रहता है. इतनी ही देर में उसके अकाउंट से 50 लाख रुपए कट भी जाता है और यह देखने के बाद वह उसकी मनोदशा बिगड़ जाती है. बताया जा रहा है कि उसके नाम पर 50 लाख रुपए का लोन हो गया है. जिसके बाद उसका मानसिक संतुलन गड़बड़ा जाता है और वह सीधे समीप के मोबाइल टावर पर चढ़ जाता है. फिर शुरू होता है हाई वोल्टेज ड्रामा. तब स्थानीय पुलिस की पहल पर काफी मशक्कत के बाद उसे टावर से उतारा जाता है. वहीं समाचार प्रेषण तक इस मामले में नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार के द्वारा उससे पूछताछ कर प्राथमिकी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.