CHHAPRA DESK - सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज रिविलगंज नगर पंचायत अंतर्गत सेमरिया स्थित पुराने एवं नए शवदाह गृह/मोक्षधाम का स्थलीय निरीक्षण किया गया. उस दौरान जिलाधिकारी ने स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, पहुंच पथ, शौचालय, शवदाह गृह की स्थिति एवं नदी के कटाव से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पुराने शवदाह गृह की पूर्ण रूप से मरम्मति कराकर उसे पुनः संचालित कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी को दिया. साथ ही घाट परिसर में अवस्थित सभी शौचालयों की आवश्यक मरम्मति एवं उन्हें उपयोग योग्य बनाने का भी निर्देश दिया गया.जिलाधिकारी ने नए एवं पुराने दोनों शवदाह गृह तक जाने वाले पहुंच पथ पर पेवर ब्लॉक लगाकर पथ निर्माण कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत रिविलगंज को दिया, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा घाट परिसर की व्यवस्था सुगम एवं सुव्यवस्थित बनी रहे.नदी का प्रवाह काफी तेज रहने के कारण नए विद्युत शवदाह गृह भवन के नदी की ओर वाले हिस्से की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने परियोजना निदेशक, BUDCO को संबंधित हिस्से में उचित बोल्डर पिचिंग का कार्य कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि नदी के तेज प्रवाह एवं संभावित कटाव से भवन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे.इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल को संबंधित स्थल पर आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त मात्रा में कटाव निरोधी सामग्री उपलब्ध एवं सुरक्षित रखने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई की जा सके.जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने तथा स्थल की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

