CHHAPRA DESK- राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आज 16 नवंबर को सारण समाहरणालय सभागार में “पत्रकारिता : लोकलुभावन या जिम्मेदार?” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सिटी एसपी राज किशोर सिंह ने की. इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न प्रिंट , इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे. सभा संचालन संजय भारद्वाज ने किया. कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी व सिटी एसपी राज किशोर सिंह को पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया. तत्पश्चात उनके द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर संगोष्ठी का विधिवत शुभारंभ किया गया. संगोष्ठी के दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा वर्तमान डिजिटल युग में निष्पक्ष एवं विश्वसनीय समाचारों की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई.इस अवसर पर सिटी एसपी श्री सिंह ने अपने संबोधन में पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका तथा समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है तथा मीडिया शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है. मीडिया द्वारा उठाए जाने वाले जनहित से जुड़े मुद्दे व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने समाचारों के संकलन एवं प्रसारण में तथ्यों की पुष्टि, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि सूचना के तीव्र प्रसार के वर्तमान दौर में भ्रामक एवं अपुष्ट खबरों से बचना तथा समाज में सकारात्मक और तथ्यपरक संवाद को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है.इस दौरान उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने विभिन्न समसामयिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने सवाल एवं सुझाव रखे. सिटी एसपी ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद किया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ संवाद, आपसी समन्वय एवं रचनात्मक सहयोग से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकता है.संगोष्ठी में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने पत्रकारिता के मूल उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल वही दिखाना नहीं है, जिसे लोग देखना चाहते हैं, बल्कि उन तथ्यों और जनसमस्याओं को भी सामने लाना है, जिन्हें जानना समाज के लिए आवश्यक है. लोकप्रियता, व्यूज और टीआरपी की प्रतिस्पर्धा में समाचारों की विश्वसनीयता एवं सामाजिक सरोकारों से समझौता नहीं होना चाहिए. पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य समाज को जागरूक करना, आम नागरिकों की समस्याओं को आवाज देना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है.चर्चा के दौरान उपस्थित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधियों एवं पत्रकारों ने भी अपने विचार साझा किए. वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का वास्तविक उद्देश्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देना, आम नागरिकों की समस्याओं को आवाज देना, शासन-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा समाज को सही एवं तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराना है. शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों को भी समाचारों में समुचित स्थान मिलना चाहिए.संगोष्ठी में इस बात पर भी बल दिया गया कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है. किसी भी समाचार को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि करना, सभी संबंधित पक्षों का दृष्टिकोण समझना तथा अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं के प्रसार से बचना पत्रकारिता की अनिवार्य नैतिक जिम्मेदारी है. समाचार की गति से अधिक उसकी विश्वसनीयता महत्वपूर्ण होनी चाहिए.वक्ताओं ने इस विचार को रेखांकित किया कि पत्रकारिता की सफलता केवल खबरों की लोकप्रियता या दर्शकों की संख्या से नहीं, बल्कि उसकी सत्यता, निष्पक्षता, जनोपयोगिता और समाज में अर्जित विश्वास से निर्धारित होती है. पत्रकारिता को न तो किसी सत्ता का प्रचार माध्यम बनना चाहिए और न ही केवल लोकप्रियता हासिल करने का साधन. उसे जनता और व्यवस्था के बीच एक विश्वसनीय संवाद सेतु की भूमिका निभानी चाहिए.राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित इस संगोष्ठी ने पत्रकारिता के मूल्यों, लोकतांत्रिक दायित्वों और सामाजिक उत्तरदायित्वों पर सार्थक विमर्श का अवसर प्रदान किया.
पत्रकारिता लोकलुभावन या जिम्मेदार ? लोकप्रियता की होड़ में पत्रकारिता का बदल रहा स्वरूप ; समाहरणालय सभागार में संगोष्ठी आयोजित

