CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज मंडल कारा का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान कारा की सुरक्षा, बंदियों की सुविधाओं, मुलाकाती व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार भी उपस्थित थे. निरीक्षण के क्रम में बंदी दरबार का आयोजन किया गया. यहां बता दें कि पूर्व में बंदियों से उनकी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए थे. बंदियों ने बंदी दरबार में अपनी समस्याएं एवं व्यक्तिगत मामलों से संबंधित बातें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं. जिला पदाधिकारी द्वारा मामलों को समझते हुए नियमानुसार समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. वहीं, पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने भी बंदियों को आश्वस्त किया कि पुलिस अनुसंधान से संबंधित मामलों में आवश्यक कागजात एवं सहयोग उपलब्ध कराने तथा न्यायालय में विचारण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पुलिस स्तर से हरसंभव पहल की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश
बंदियों की संख्या के अनुरूप बिस्तर तथा कपड़े धुलाई आदि के लिए आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बंदियों के परिजनों से मुलाकात की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए डेडिकेटेड हेल्प डेस्क एवं डेडिकेटेड मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि बंदी इसकी जानकारी अपने परिजनों को दे सके.
* सीसीटीवी कैमरों एवं उनके संधारण की नियमित समीक्षा करने तथा मुलाकाती व्यवस्था से संबंधित फुटेज एवं पंजी सहित सभी आवश्यक अभिलेखों का समुचित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
- कारा परिसर में खुले विद्युत तारों को तत्काल सुरक्षित/क्लोज्ड वायरिंग में परिवर्तित कराने का निर्देश संबंधित विद्युत अभियंताओं को दिया गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे.
* बंदियों को गुप्त शिकायत पेटिका की जानकारी एवं उसके उपयोग के संबंध में समुचित जानकारी उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के नियमानुसार निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
- कारा परिसर में बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं नियमित टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
- मंडल कारा परिसर स्थित विभिन्न भवनों एवं आवासीय परिसरों में आवासितों का सत्यापन कराने हेतु संबंधित एसडीओ एवं सीडीपीओ को निर्देशित किया गया.
- कारा परिसर में नियमित कचरा उठाव एवं संग्रहण की व्यवस्था को प्रभावी रूप से जारी रखने का निर्देश दिया गया.
जिला पदाधिकारी ने कारा प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के साथ-साथ कारा की सुरक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए. मंडल कारा भवन निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा परिसर में पौधा रोपण भी किया गया.

