CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा आज समाज कल्याण विभाग, बिहार के अंतर्गत सारण जिले में संचालित पर्यवेक्षण गृह सह बाल सुधार गृह का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने गृह में आवासित बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा एवं न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने गृह में आवासित बच्चों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से सेक्शनवार एवं विषयवार योग्य शिक्षकों का चयन कर रोस्टर निर्धारित करने तथा अलग-अलग वर्गों के बच्चों के लिए नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए व्यवस्थित शैक्षणिक व्यवस्था आवश्यक है.

सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का नियमित रूप से पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि गृह परिसर में संचालित गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो. इसके अतिरिक्त, गृह में आवासित बच्चों से संबंधित मामलों की सक्षम न्यायालय में नियमित सुनवाई सुनिश्चित कराने के लिए लगातार अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया, ताकि न्यायिक प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार आगे बढ़ सके. निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण पदाधिकारी, पर्यवेक्षण गृह के अधीक्षक एवं सुरक्षा गार्ड उपस्थित थे.