CHHAPRA DESK- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), छपरा के तत्वावधान में आज छपरा शहर स्थित प्रेक्षागृह में ‘शौर्य संगम युवती सम्मेलन’ का आयोजन किया गया. सम्मेलन का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रभावना का विकास करना, महिला सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा. कार्यक्रम में मुख्य रूप से जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की सदस्य डॉ पूनम सिंह, पटना उच्च न्यायालय की अधिवक्ता अर्चना, भारत विकास परिषद की अध्यक्ष वर्षा पांडेय, राजेंद्र महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापिका एवं अभाविप की छपरा नगर उपाध्यक्ष डॉ नीतू सिंह, अभाविप की जिला छात्रा प्रमुख सलोनी कुमारी तथा राष्ट्रीय सेविका समिति, दानापुर की कार्यवाहिका संगीता सिन्हा की गरिमामयी उपस्थिति रही. सम्मेलन के माध्यम से युवतियों को अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं को पहचानने, सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, भारतीय संस्कृति, पारंपरिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों के प्रति युवतियों को जागरूक करने पर बल दिया गया. कार्यक्रम के दौरान अनेक कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से छठ पूजा पर आधारित लोकनृत्य एवं अन्य पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई. छात्राओं की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत और आकर्षक बना दिया.
‘शौर्य संगम युवती सम्मेलन’ में भारतीय संस्कृति व नारी शक्ति का दिखा संगम

