CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में पथ प्रमंडल, छपरा के अधीन छपरा शहरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न सड़क, नाला एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पथ निर्माण विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, बुडको, नगर निगम सहित संबंधित विभागों एवं एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. डबल डेकर परियोजना की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने म्यूनिसिपल चौक से गांधी चौक के बीच चल रहे कार्य की स्थिति की जानकारी ली. आगामी दुर्गापूजा के दौरान इस मार्ग पर संभावित पूजा पंडालों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, सदर से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए अतिरिक्त बल का समुचित उपयोग करते हुए तीन शिफ्ट में कार्य करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. अनुमंडल पदाधिकारी, सदर को परियोजना निदेशक, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम से कार्य पूर्ण करने की स्पष्ट टाइमलाइन प्राप्त कर उपलब्ध कराने को कहा गया. शहर में जलजमाव एवं नाला निर्माण से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए मठिया मोड़ के समीप सड़क पर पानी गिरने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने के मामले में अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को स्थल का सर्वे कर समस्या के कारण एवं स्थायी समाधान से संबंधित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. मठिया मोड़ से रामनगर ढाला तक आवश्यक नाला निर्माण कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. नाला निर्माण के बावजूद कनेक्शन पूर्ण नहीं होने के मामलों पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया कि जहां आरओडब्ल्यू एवं डिमार्केशन की कार्रवाई पूर्ण है, वहां यूटिलिटी शिफ्टिंग के कारण कार्य लंबित नहीं रखा जाए. आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए सड़क पर जलजमाव की स्थिति समाप्त करने का निर्देश दिया गया. सदर अस्पताल से थाना चौक तक पोल शिफ्टिंग एवं नाला निर्माण का कार्य 15 दिनों में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. दूधिया पोखर के समीप ध्वस्त नाले की मरम्मत/पुनर्निर्माण के लिए विभाग को भेजे गए प्राक्कलन पर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा गया. छपरा कचहरी स्टेशन से योगणिया कोठी होते हुए थाना चौक तक जलजमाव से क्षतिग्रस्त सड़क के हिस्सों की आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया. वहीं खैर बिनटोलिया रोड पर अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया. विभिन्न प्रमुख सड़कों की समीक्षा के क्रम में छपरा-सिवान रोड एवं छपरा-सोनपुर रोड के OPRMC फेज-2 में शामिल होने की जानकारी दी गई. बुडको द्वारा नाला निर्माण के कारण सड़क का ओवरले कार्य लंबित रहने पर जिला पदाधिकारी ने बुडको को नाला निर्माण का कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क का कार्य सुचारू रूप से कराया जा सके.

खनुआ नाला क्षेत्र से संबंधित पेड़ हटाने के कार्यों में आवश्यकतानुसार जिला वन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर कार्य कराने का निर्देश दिया गया. विभिन्न सड़कों की आवश्यक मरम्मत के लिए संबंधित एजेंसी को अल्पकालीन निविदा के माध्यम से कार्रवाई करने हेतु भी निर्देशित किया गया.