CHHAPRA DESK- पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने आज छपरा जंक्शन का निरीक्षण किया. उस दौरान उन्होंने स्टेशन की सेकंड एंट्री, दोनों तरफ की पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया और नवनिर्मित आठ नंबर प्लेटफार्म का जायजा लिया. उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने आरपीएफ के डॉग स्क्वायड टीम से भी जानकारी ली. उन्होंने डॉग कैंनल का निरीक्षण करते हुए इसे विस्तारित करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने बताया कि डॉग कैंनल को बढ़ाया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर किया जा सके.
डीआरएम ने सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया बनाने को लेकर निर्देश दिये. इसके साथ ही स्टेशन के प्रवेश और निकास व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. उन्होंने विभिन्न स्थानों की मैपिंग के माध्यम से जानकारी प्राप्त की और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की. निरीक्षण के दौरान मसरख-राजापट्टी के बीच प्रस्तावित बंगरा हॉल्ट को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई. इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. प्रस्तावित हॉल्ट से संबंधित स्थान और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी मैपिंग के माध्यम से ली गई.
डीआरएम के आगमन को लेकर स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद रही. सर्कुलेटिंग एरिया समेत स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया. इस दौरान रेलवे के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे.


