CHHAPRA DESK- नेपाल में हुई भारी वर्षा के कारण गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर एवं मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा तथा आंधी के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों के साथ जिले की स्थिति एवं प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की. समीक्षा के दौरान गंडक नदी से प्रभावित होने वाले 7 तटवर्ती प्रखंडों में जलस्तर, तटबंधों की स्थिति तथा संभावित प्रभावित आबादी के लिए की गई तैयारियों की जानकारी ली गई. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की सतत निगरानी एवं पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा किसी भी संभावित परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया. बताया गया कि गंडक नदी में जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया है तथा शाम तक और वृद्धि की संभावना है. वर्तमान में लगभग 3 लाख क्यूसेक पानी पहुंच चुका है तथा लगभग 1.5 लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी आने की संभावना है. इसे देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर से तटबंधों की निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया.
रात्रि में भी त्वरित कार्रवाई की तैयारी
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि नदी एवं तटबंध के बीच के क्षेत्रों में रात्रि के समय जलस्तर बढ़ने की स्थिति में संभावित प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थान पर ले जाने, भोजन उपलब्ध कराने एवं अन्य आवश्यक राहत व्यवस्था को तत्काल सक्रिय किया जा सके. विकास मित्रों को भी लगातार निगरानी में सक्रिय रखने तथा संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सतत भ्रमण एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया. संभावित आवश्यकता को देखते हुए वेंडर्स को चिन्हित कर आवश्यक सामग्री की शॉर्ट नोटिस पर उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं मुखियाओं के साथ भी समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.
दरियापुर में संभावित प्रभावित आबादी के लिए तैयारी
दरियापुर प्रखंड की समीक्षा के दौरान बताया गया कि संभावित प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री का अतिरिक्त स्टॉक कर लिया गया है. लगभग 100 घरों के प्रभावित होने की संभावना के आकलन के आधार पर करीब 500 लोगों के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. आवश्यकता पड़ने पर तटबंध के समीप सामुदायिक रसोई संचालित कर प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
वर्षा एवं आंधी को लेकर अंचल स्तर पर माइकिंग
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को पत्र निर्गत कर आवश्यक एहतियाती कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. इसके तहत सभी अंचल अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से आमजनों को मौसम संबंधी पूर्वानुमान एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है. लोगों को आंधी एवं तेज वर्षा के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की जानकारी दी जा रही है. प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
अगले दो-तीन दिनों तक अलर्ट मोड में रहेंगे अधिकारी
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को अगले दो-तीन दिनों तक अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पैनिक की स्थिति उत्पन्न करने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि सभी अधिकारी एवं कर्मी सतत निगरानी रखते हुए संभावित परिस्थितियों के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित रखें.
