BAGAHA DESK - इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के बगहा से आ रही है, जहां चंपारण तटबंध के चखनी-खैरटवा के पास गंडक नदी का बांध तेज जल प्रवाह के कारण टूट गया है. बांध टूटने के बाद नदी का पानी तेजी से रिहायशी इलाकों की ओर फैल रहा है, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है.

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज से करीब 5.43 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया. जिसके बाद नदी के तेज प्रवाह के कारण चखनी-खैरटवा में तटबंध टूट गया. बांध टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अधिकारी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे. अधिकारियों की ओर से स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और पानी के फैलाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. रिहायशी इलाकों की ओर तेजी से बढ़ रहे बाढ़ के पानी को लेकर लोग चिंतित हैं. जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता नेमी शरण ने तटबंध टूटने की पुष्टि की है. बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज ही चंपारण ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने गए थे, लेकिन शाम होते-होते चंपारण में गंडक नदी का बांध टूट गया. तटबंध टूटने के बाद आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.