CHHAPRA DESK- नेपाल में हुई अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी में लगभग चार लाख क्यूसेक पानी आने की संभावित स्थिति तथा इसके फलस्वरूप जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को पूरी तरह सजग एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया है. जिला पदाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित दरियापुर प्रखंड के मगरपाल छड़की एवं जलस्तर में वृद्धि की संभावना वाले क्षेत्रों में विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण किया तथा संबंधित स्थलों पर बाढ़ नियंत्रण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को निर्देशित किया कि संभावित स्थिति को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षात्मक कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त मात्रा में भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके. उन्होंने तटबंधों का नियमित एवं लगातार निरीक्षण तथा पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विशेष रूप से तटबंधों पर किसी भी प्रकार के सीपेज, दरार अथवा कमजोर स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई करने को कहा गया. जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संभावित जलवृद्धि की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने का निर्देश दिया.
गंडक नदी में संभावित जलवृद्धि को ले डीएम ने तटबंधों का निरीक्षण कर बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने एवं तटबंधों की सतत निगरानी का दिया निर्देश
