CHHAPRA DESK- सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरेराम के टोला गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आ रही है, जहां फैंसी एंड फैंसी नमक स्कूल के छात्र को स्कूली वाहन ने ही कुचल दिया. जिसके कारण उसकी मौत मौके पर हो गई. इस घटना के बाद परिवार सहित गांव में कोहराम मच गया. मृत बच्चा स्थानीय थाना क्षेत्र के हरेराम के टोला निवासी मुन्ना कुमार साह का 8 वर्षीय पुत्र मयंक कुमार बताया गया है. इस घटना के संबंध में बताया जाता है कि खैरा बाजार स्थित फैंसी एंड फैंसी स्कूल से छुट्टी होने पर स्कूल का बोलेरो सभी बच्चों को लेकर उनके घर छोड़ने गया था. तभी रामपुर मठिया में मयंक और उसकी बड़ी बहन को गाड़ी से उतारने के बाद चालक बोलेरो को पीछे करने लगा. उस दौरान बड़ी बहन आगे निकल गई जबकि वह पीछे ही रह गया जिसके कारण बोलेरो की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. पुलिस को सूचना मिलते थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दलबल के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी ले बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मयंक के पिता दिल्ली में निजी कंपनी की वर्कशॉप में काम करते हैं. सूचना के बाद वह दिल्ली से चल दिए हैं. उधर उसकी मां चांदनी देवी और बड़ी बहन जानवी कुमारी समेत अन्य का रो-रोकर हाल-बेहाल हो गया है. वह तीन भाई बहन में दूसरे नंबर पर था. इस संबंध में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि स्कूली वाहन बोलेरो जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं सीओ अजय कुमार राठौर ने कहा कि मामले में चालक के साथ स्कूल संचालक पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पीड़ित परिवार को परिवहन विभाग के प्रावधानों के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी.
घर छोड़ने गये स्कूली वाहन ने ही मासूम बच्चे को कुचला ; मचा कोहराम


