CHHAPRA DESK- ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज सारण जिला मुख्यालय में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया. जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अगुवाई में आयोजित इस रैली में तरैया विधायक सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों, कर्मियों तथा निजी एवं सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रैली में लगभग 400 बच्चों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने पूरे जोश, उमंग और उत्साह के साथ हाथों में तिरंगा लेकर देशप्रेम एवं राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए और आम लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया. बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने रैली को विशेष रूप से प्रभावी और आकर्षक बना दिया.
तिरंगा रैली म्युनिसिपल चौक से प्रारंभ होकर थाना चौक होते हुए दरोगा राय चौक तक गई। रैली के दौरान राष्ट्रध्वज के साथ देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा. प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश के प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विद्यालयी बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से अभियान को नई ऊर्जा मिली है. नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है. रैली के माध्यम से आम लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया. कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित किया.


