CHHAPRA DESK- विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के भव्य एवं सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं. जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार लगातार मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं. इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी ने मेला परिसर में विभिन्न आयोजन स्थलों, मुख्य पंडाल, मंच, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि मेला परिसर में लाइटिंग की व्यवस्था आकर्षक, पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित तरीके से की जाए, ताकि पूरा मेला क्षेत्र रोशनी से जगमग रहे और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो.
विद्युत सुरक्षा एवं व्यवस्थित लाइटिंग पर विशेष निर्देश
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में कहीं भी बिजली के तार अव्यवस्थित, लटकते हुए अथवा इधर-उधर फैले हुए नहीं रहने चाहिए. सभी विद्युत तारों एवं कनेक्शनों को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया जाए. विद्युत पोल, वायरिंग एवं लाइटिंग की फिटिंग में सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन हो. संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका को समाप्त करने का निर्देश दिया गया.इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने साफ-सफाई, पेयजल, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पंडाल निर्माण एवं मंच सज्जा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. मेला की सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं, खेलकूद, कला प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि सभी कार्यक्रमों के आयोजन स्थल, आवश्यक संसाधन एवं प्रतिभागियों की सुविधाओं की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करें.
मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को लेकर विशेष तैयारी
हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संभावित यात्रा को लेकर सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां त्रुटिरहित रखने का निर्देश दिया गया है.
माननीय मुख्यमंत्री की बाबा हरिहरनाथ मंदिर में आगमन को लेकर भी जिला पदाधिकारी ने तमाम व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों को क्रमेण निर्देश भी दिए गए.
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को पूरी प्रतिबद्धता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आगंतुकों को सुरक्षित वातावरण, बेहतर सुविधाएं और यादगार अनुभव प्राप्त हो तथा मेला अपनी भव्यता, आकर्षक सजावट, सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं एवं सांस्कृतिक विविधता के लिए एक विशिष्ट पहचान स्थापित करे.

