CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत मशरक के सोनौली गांव स्थित पासी टोला के समीप बाइक और साइकिल की टक्कर में बाइक सवार और साइकिल सवार घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को इलाज के लिए छपरा निजी क्लीनिक में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान सोनौली गांव निवासी स्व बनारसी साह के 56 वर्षीय पुत्र उमेश साह के रूप में हुई है. वहीं बाइक सवार गांव का ही बताया गया। बताया गया कि उमेश साह साइकिल पर धान लेकर गोढ़ना बाजार चिउड़ा लेने जा रहे थे, उसी दौरान गांव में ही सोनौली पासी टोला के समीप बाइक से उनकी टक्कर हो गई. स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए इसुआपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया और घायल उमेश साह की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया. जहां ईलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है. उनके परिवार में दो बेटे और चार बेटियां हैं. घटना के बाद बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजन मौत के बाद शव को लेकर मशरक थाना पहुंचे जहां पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजने की कार्रवाई कर रही है.