CHHAPRA DESK- हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हाइब्रिड मोड में जुड़े. बैठक में मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए चयनित वेंडर एवं एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया. जिला पदाधिकारी ने बैठक में मेला क्षेत्र की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, फूड कोर्ट, प्रदर्शनी एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने साफ-सफाई के लिए चयनित एजेंसी को निर्देश दिया गया कि मेला क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप जोनवार सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें. वहीं सफाई व्यवस्था का नियमित अनुश्रवण करने के लिए जिला स्तरीय टीम गठित करने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही मेला क्षेत्र में जोनवार पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. विद्युत व्यवस्था के लिए संबंधित एजेंसी को जोनवार कार्यादेश निर्गत करने तथा सभी स्थलों पर समय से लाइटिंग की व्यवस्था पूर्ण करने को कहा गया. वहीं एसडीओ सोनपुर से मेला क्षेत्र की यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई.

इंग्लिश बाजार से ट्रैक्टर हटाए जाने की कार्रवाई की जानकारी एसडीओ सोनपुर द्वारा दी गई. वहीं जेपी सेतु के दोनों ओर एक-एक क्रेन तथा एक अतिरिक्त स्पेयर क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी ली गई. एसडीओ सोनपुर ने इसकी व्यवस्था पूर्ण होने की जानकारी दी. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं चयनित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं. मेला में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.