CHHAPRA DESK- सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत असोईयां गांव स्थित एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं घटना के बाद कथित चिकित्सक व संचालक मौके से फरार हो गये. मृतका की पहचान मकेर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. मृतका के भाई मुकेश मांझी ने स्थानीय प्रशासन को लिखित आवेदन देकर बताया है कि उन्होंने अपनी बहन को 11 नवंबर को वार्ड संख्या-4 स्थित दिनेश प्रसाद राय के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद संचालक लगातार पैसों की मांग कर रहा था। पैसे तुरंत देने में असमर्थता जताने पर संचालक दिनेश प्रसाद राय ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जातिसूचक गालियां दीं. समय पर उचित इलाज न मिलने और धन की मांग के दबाव के चलते जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस बल की धमक और लोगों का भारी जमावड़ा देख संचालक अस्पताल में ताला लगाकर फरार हो गया।. इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित इस फर्जी नर्सिंग होम की उच्चस्तरीय जांच कराने और आरोपी संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया मे जुटी और फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है.
निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद कथित चिकित्सक व संचालक फरार

