CHHAPRA DESK- सारण जिलाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी द्वारा शहर के राजेंद्र सरोवर परिसर में भास्कर महोत्सव-2026 का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया. दीप प्रज्वलन के साथ ही महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई. इस अवसर पर प्रभारी कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राहुल कुमार ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, नगर आयुक्त रंजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, जिला जन-संपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा, एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति के साथ कला-संस्कृति प्रेमी उपस्थित थे.  महोत्सव के दौरान कलाकारों द्वारा भारतीय कला एवं संस्कृति पर आधारित विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं. इनमें सूर्य वंदना नृत्य, छठ लोकगीत, शहनाई वादन, कथक नृत्य एवं समूह नृत्य की प्रस्तुतियां प्रमुख रहीं. कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. भास्कर महोत्सव के आयोजन का उद्देश्य लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना है. महोत्सव के आयोजन से राजेंद्र सरोवर परिसर में उत्सवी एवं सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला.महोत्सव में केवीएस म्यूजिकल टीम सोनपुर के द्वारा प्रस्तुति दी गई, जिसमें ढोलक पर संतोष कुमार, तबला पर शाश्वत कुमार, अंग पर सचिन, पेड पर राजकुमार, बैंजो पर अर्जुन कुमार के साथ गायिका डॉली सिंह, भजन गायक शुभम सरगम, लोक गायक अमरजीत लाल , कुमारी अनीशा द्वारा कत्थक नृत्य के माध्यम से शारदा सिंहा को श्रद्धांजलि दी गई. साथ ही मनीषा ग्रुप द्वारा शास्त्रीय कथक प्रतिभा कुमारी, लोकगायक आलम राज, लोकगायिका स्निग्धा मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति दिये.महोत्सव के अंत में सभी कलाकारों को प्रभारी कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के द्वारा पुरस्कार से सम्मानित किया गया.