CHHAPRA DESK- सारण जिला अंतर्गत मांझी थाना क्षेत्र के कौरु-धौरु गांव के समीप बीती रात हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार एक युवक की मौत सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गई. वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है. घटना बीती देर रात्रि की बतलाई गई है. मृत युवक की पहचान जिले के एकमा थाना क्षेत्र के नरहनी गांव निवासी सकलदेव महतो के पुत्र कन्हैया महतो के रूप में हुई है. जिसके शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कन्हैया महतो अपने दो अन्य साथियों के साथ शनिवार को मांझी में आयोजित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में उनके संबोधन को सुनने के बाद अपनी मौसी के घर से अपने नरहनी गांव लौट रहे थे. उसी दौरान कौरु-धौरु गांव के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार लगभग 100 मीटर दूर जाकर गिर पड़े. बाइक पर हरपुर निवासी विनोद सिंह और नरहनी निवासी सिपाही महतो के पुत्र कृष्णा महतो भी सवार थे. जिनका घायल अवस्था में अस्पताल में उपचार जारी है.
बताया गया है कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मांझी थाना पुलिस को सूचना दी थी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांझी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कन्हैया महतो को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. कन्हैया महतो अपने पीछे पत्नी मंजू देवी और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं.

