CHHAPRA DESK - यूपी-बिहार जोड़ने वाले एनएच-19 पर स्थित जयप्रभा सेतु पर आज 25 वर्षीय एक छात्रा ने उफनती सरयू नदी में छलांग लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती फोन पर किसी से तीखी बहस के बाद सेतु के खम्भा संख्या 2 के पास पहुंची और देखते हीं देखते रेलिंग पर चढ़कर लगभग 50 फीट नीचे नदी में छलांग लगा दी. नीचे गिरने के बाद वह करीब एक किलोमीटर तक पूरब की ओर धनी छपरा गांव के सामने तक नदी की तेज धारा में बहती रही और लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन समय पर मदद नहीं मिल पाने के कारण वह गहरे पानी में समा गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि घटना के पूर्व दो बाइक सवार युवक उस युवती का पीछा करते हुए घटनास्थल तक पहुंचे थे, लेकिन उसे छलांग लगाते देख वे मौके से फरार हो गए. कुछ देर बाद हीं बदहवास हालत में एक महिला स्थानीय उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर रोते-बिलखते पहुंची. पूछने पर उसने खुद को बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के सेवक राय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी बताया. महिला ने बताया कि नदी में कूदने वाली युवती उसकी बेटी 25 वर्षीय सौम्या सिंह है, जो ग्रेजुएशन के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी. सूचना मिलते ही यूपी और बिहार दोनों तरफ की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ मिलकर नाव की मदद से युवती की तलाश में जुट गई. समाचार प्रेषण तक युवती को बरामद नही किया जा सका था.
जयप्रभा सेतु पर प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया.. बाइक सवार क्यों भागे जब फोन पर बात करने के बाद इंजीनियरिंग की छात्रा ने ....

