CHHAPRA DESK - विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर खज सदर अस्पताल परिसर से जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रभात फेरी निकाली गई. प्रभात फेरी का शुभारंभ डीसीएम बृजेश कुमार सिंह, डीएमएनयू बृजेंद्र कुमार सिंह तथा डॉ सीमा कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर किया. वही प्रभात फेरी सदर अस्पताल से शुरू होकर डी एम आवास मार्ग होते हुए पुनः सदर अस्पताल पहुंची. उस दौरान एएनएम स्कूल की छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर लोगों को छोटे परिवार के महत्व का संदेश दिया. छात्राएं पूरे मार्ग में बच्चे दो ही अच्छे हम दो, हमारे दो जैसे नारों के साथ लोगों को परिवार नियोजन अपनाने और जनसंख्या स्थिरता के प्रति जागरूक करती रहीं. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या का सीधा प्रभाव स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पर्यावरण और उपलब्ध संसाधनों पर पड़ता है.ऐसे में संतुलित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए परिवार नियोजन को अपनाना आवश्यक है. लोगों से अपील की गई कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाएं तथा छोटे और खुशहाल परिवार की अवधारणा को अपनाएं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा. इस दौरान जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर परिवार नियोजन संबंधी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इच्छुक दंपतियों को परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक परामर्श और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. वही इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व वरीय लेखापाल बंटी रजक एएनएम स्कूल की छात्राएं तथा स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा पर सदर अस्पताल से निकाली गई प्रभात फेरी ; जनसंख्या नियंत्रण को ले फैलाई गई जागरूकता


