CHHAPRA DESK - सारण जिला अंतर्गत एकमा थाना क्षेत्र के रामपुर बिंदालाल के मठिया गांव में आज देर शाम ट्रैक्टर की टक्कर से जर्जर बिजली का पोल गिर गया, जिसमें दब जाने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई मृत किशोर स्थानीय थाना क्षेत्र के रामपुर बिंदालाल के मठिया गांव निवासी बीरबल राय का पुत्र था. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के श्रद्धालु जनता बाजार स्थित प्रसिद्ध ढोंढस्थान शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रिविलगंज के सेमरिया घाट से जल भरने ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे थे. उसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से सड़क किनारे लगा जर्जर विद्युत पोल अचानक टूटकर कुंदन कुमार पर गिर पड़ा. पोल के नीचे दबने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीखपुकार मच गया. सूचना मिलने पर एकमा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर मामले की जांच में जुट गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. रात्रि होने के कारण शव का पोस्टमार्टम अगले दिन कराए जाने को लेकर सुरक्षित रखा गया है.