CHHAPRA DESK - सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स समिति एवं जिला स्तरीय कृषि समन्वय समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, खरीफ फसलों की स्थिति, कृषि इनपुट की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था तथा किसानों को समयबद्ध तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने गत बैठक की कार्यवाही के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। इसके बाद खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए उर्वरक की आवश्यकता एवं उपलब्धता, उर्वरक की कालाबाजारी एवं छापामारी, बीज वितरण एवं प्रत्यक्षण, मिट्टी जांच, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रतिवेदनों की समीक्षा की गई.
उर्वरक की उपलब्धता एवं कालाबाजारी पर सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने प्रखंडवार उर्वरक की आवश्यकता एवं उपलब्धता का स्पष्ट प्रतिवेदन तैयार करने का निर्देश दिया. उर्वरक की कालाबाजारी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन प्रखंड कृषि पदाधिकारियों द्वारा इस कार्य में शिथिलता बरती जा रही है, उनके विरुद्ध संज्ञान लेते हुए अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों की उपलब्धता की नियमित निगरानी करने तथा किसानों को निर्धारित दर एवं समय पर कृषि इनपुट उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.
टेल एंड तक नहर का पानी पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में विभिन्न प्रखंडों में नहरों में पानी की उपलब्धता एवं टेल एंड तक सिंचाई का पानी पहुंचने की स्थिति की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रखंडवार स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने नहर प्रमंडल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर नहर में गाद, जंगली पेड़-पौधे, झाड़-झंखाड़ अथवा अन्य कारणों से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है, वहां एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि किसानों के खेतों तक नहर का पानी समय पर पहुंच सके.
नलकूपों की मरम्मत एक सप्ताह में कराने का निर्देश
लघु सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में खराब पड़े नलकूपों की स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को नलकूपों की आवश्यक मरम्मत एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति के कारण जहां भी नलकूपों के संचालन में बाधा आ रही है, वहां विद्युत विभाग के अधिकारी तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.
मिट्टी जांच एवं फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने का निर्देश
जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों में मिट्टी जांच कार्य में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. वहीं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए अंचलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूची के आधार पर जमाबंदी के विरुद्ध फॉर्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्य में पाए जा रहे अंतर (गैप) की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अंतर को दूर करने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई न हो.


