CHHAPRA DESK - सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज (खनुआ नाला), नल-जल योजना एवं सात निश्चय-2 के अंतर्गत संचालित योजनाओं के निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं के निराकरण को लेकर गठित समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज एवं अन्य संबंधित योजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. निर्माण कार्य के क्रम में उत्पन्न हो रही विभिन्न प्रशासनिक, तकनीकी एवं स्थल संबंधी बाधाओं पर चर्चा करते हुए उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. जिला पदाधिकारी ने बुडको की परियोजनाओं के लिए पथ निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्राप्त करने हेतु जिला स्तर से सभी संबंधित योजनाओं को समेकित करते हुए पथ निर्माण विभाग को पत्र भेजने का निर्देश दिया, ताकि अनापत्ति से संबंधित मामलों का शीघ्र निष्पादन हो सके. उन्होंने नाला निर्माण में आ रही यूटिलिटी शिफ्टिंग की समस्या, विशेषकर विद्युत पोल आदि को हटाने के संबंध में विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया. जिला पदाधिकारी ने कहा कि आगामी बारिश को देखते हुए निर्माण कार्य की ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए कि सितंबर माह में कार्य को चरणबद्ध एवं आधा-आधा करके पूरा किया जा सके, जिससे निर्माण के साथ-साथ आम नागरिकों के आवागमन एवं परिवहन में भी कम से कम परेशानी हो. जिला पदाधिकारी ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि वे एक इंजीनियरिंग टीम का गठन करें तथा क्षेत्र में प्रस्तावित एवं संचालित सभी निर्माण कार्यों की लगातार मॉनीटरिंग कर प्रगति एवं समस्याओं से संबंधित रिपोर्ट तैयार करें. बैठक में नगर निगम क्षेत्र में निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की भी समीक्षा की गई. जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शहर के अंदर जल-जमाव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम एवं संबंधित कार्यकारी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें. बैठक में नगर आयुक्त एवं उनकी टीम, अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल, परियोजना निदेशक, बुडको के प्रतिनिधि, संबंधित संवेदक, पथ निर्माण विभाग के अधिकारी, पुल निर्माण विभाग के प्रतिनिधि तथा प्रभारी पदाधिकारी, जिला विकास शाखा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
खनुआ नाला व नल-जल योजना के निर्माण में आ रही बाधाओं के निराकरण को लेकर समन्वय समिति की बैठक आयोजित


