CHHAPRA DESK- सारण जिले के डेरनी थाना अंतर्गत खजौली गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां किसी दूसरे की लापरवाही के कारण करंट लगने से मां-बेटे दोनों की मौत हो गई है. इस घटना के बाद घर परिवार सहित पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है. वहीं कटे हुए तार से मोटर चलाने वाला व्यक्ति फरार हो चुका है. घटना डेरनी थाना अंतर्गत खजौली गांव स्थित खेत का है. मृतकों में स्थानीय खजौली गांव निवासी सत्य प्रकाश सिंह की 36 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी एवं उनका 11 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार शामिल है. हालांकि करंट लगने से अचेत अवस्था में दोनों को परसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.

इस घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि गांव का ही एक व्यक्ति खेत में कटे हुए तार से मोटर चला रहा था. जब मां-बेटा दोनों खेत में गए तो कटे हुए तार के संपर्क में आने से एक दूसरे को बचाने के क्रम में दोनों अचेत हो गए और दोनों की मौत स्वास्थ केंद्र में हो गई. इस घटना की सूचना के बाद पूरे घर परिवार में कोहराम मच गया. वहीं गांव में भी मातम छाया हुआ है. घटना की सूचना के बाद डेरनी थाना पुलिस ने मां-बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां दोनों ही शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया है. वहीं इस घटना के बाद परिवार एवं गांव वालों में खासा आक्रोश भी देखने को मिला.