CHHAPRA DESK- सारण जिले के मढ़ौरा रेलवे स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के ठहराव समेत विभिन्न रेल समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आज दैनिक रेल यात्री संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया. इसमें युवा, बुजुर्ग समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए. विधायक सह पूर्व मंत्री जितेंद्र राय ने धरनास्थल पर पहुंचकर मांगों का समर्थन किया. विधायक ने कहा कि मढ़ौरा के यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने के लिए छपरा जाना पड़ता है. उन्होंने आश्वासन दिया कि मांग को रेल मंत्री तक पहुंचाया जाएगा और बिहार विधानसभा के आगामी सत्र में भी इस मुद्दे को उठाने का प्रयास करेंगे. धरना के बाद स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया. इसमें ताप्ती गंगा एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव, पकहां के यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ओवरब्रिज, शिल्हौड़ी ढाला पर अंडरपास निर्माण तथा मढ़ौरा स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की गई. विधायक ने कहा कि मढ़ौरा में रेल इंजन कारखाना, पॉलिटेक्निक कॉलेज, मॉडल आईटीआई, अनुमंडलीय अस्पताल और ऐतिहासिक मंदिर जैसे महत्वपूर्ण स्थल हैं. ऐसे में यहां बेहतर रेल सुविधाएं जरूरी हैं रेल यात्री संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा. धरना में संघ के अध्यक्ष रामबाबू सिंह, भूपेश भीम, बीरेन्द्र राय, हरेंद्र राय, रवि रंजन राय, आलोक राय, रणवीर चौबे, राकेश कुमार राय समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन मुस्तैद रहा.
मढ़ौरा में ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर ग्रामीणों ने दिया धरना

