GOPALGANJ DESK- गोपालगंज जिले के श्रीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आठवीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दसवीं कक्षा के एक छात्र को हिरासत में लिया है. मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपी छात्र उनकी बेटी पर लगातार बातचीत करने का दबाव बना रहा था और अश्लील तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दे रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस के अनुसार, छात्रा और हिरासत में लिया गया छात्र एक ही विद्यालय में पढ़ते थे. घटना से कुछ दिन पहले दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई थी. घटना वाले दिन दोनों नियमित रूप से स्कूल पहुंचे थे. लंच ब्रेक के दौरान दोनों विद्यालय परिसर से निकलकर पास स्थित झरही नदी के किनारे चले गए. इसकी जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने दोनों के अभिभावकों को बुलाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने दोनों को समझाया और उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया. दोनों का नाम विद्यालय से काटे जाने की बात भी सामने आई है.

घर लौटने के अगले दिन छात्रा का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर श्रीपुर थानाध्यक्ष सिंपी कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. गुरुवार को पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. दोनों के नाबालिग होने की बात सामने आई है. पुलिस मृतका की मां द्वारा लगाए गए आरोपों के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है. फिलहाल छात्रा की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है