SIWAN DESK- सिवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र स्थित अंतर्गत मठ पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. जिसके बाद मठ परिसर में दहशत का माहौल बन गया. बताया जाता है कि मठाधीश आमोद गोस्वामी के मठ परिसर में बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग की है. घटना के मठाधीश ने अपनी जान को खतरा बताते हुए हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई है. इस मामले में मठ की जमीन को लेकर पहले से विवाद होने की बात सामने आई है. मठाधीश के अनुसार रात में जल्दी भोजन करने के बाद वह आराम करने चले गए थे. उसी दौरान रात करीब पौने नौ बजे बाइक सवार दो व्यक्ति मठ पहुंचे और दोनों ने पहले मठ के चारों ओर चक्कर लगाया. जिसके बाद पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग करते हुए फरार हो गए. एक गोली मठ के शीशे के स्लाइडर को तोड़ते हुए दीवार में जा लगी. अचानक हुई फायरिंग से परिसर में अफरातफरी मच गई. उन्होंने पूर्ववर्ती मठाधीशों के साथ भी इस तरह की वारदात होने का दावा किया है. उन्होंने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई है. हालांकि, फायरिंग के पीछे किसका हाथ है और इसके पीछे क्या कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं है. मामले की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी. वहीं फायरिंग की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मठाधीश के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कराया गया. घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज सामने आने और गोली का खोखा बरामद होने की भी जानकारी मिली है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है.