CHHAPRA DESK - स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित सारण के संकल्प को साकार करने की दिशा में सारण जिला प्रशासन द्वारा जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा जिले में निर्धारित 7 लाख 63 हजार पौधारोपण के लक्ष्य की प्राप्ति की गई. पौधारोपण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. पौधारोपण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा लगाए गए पौधों के नियमित रखरखाव एवं संरक्षण पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें सुरक्षित एवं विकसित किया जाए.
मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सुविधाओं एवं पूर्व निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में पूर्व में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली,.जिला पदाधिकारी द्वारा पूर्व में फिजियोथेरेपिस्ट की प्रतिनियुक्ति के संबंध में डीपीएम, हेल्थ को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया था. समीक्षा के दौरान बताया गया कि सिविल सर्जन द्वारा उक्त निर्देश का अनुपालन करते हुए मेडिकल कॉलेज में एक फिजियोथेरेपिस्ट की सप्ताह में तीन दिन प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है. इसी प्रकार मरीजों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस की उपलब्धता को सदर अस्पताल के एम्बुलेंस से टैग करने के संबंध में दिए गए निर्देश के अनुपालन की भी जानकारी ली गई. संबंधित पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस निर्देश का भी अनुपालन सुनिश्चित कर दिया गया है.
ब्लड बैंक की सुविधा मेडिकल कॉलेज से टैग
मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर रक्त की सुविधा सुगमतापूर्वक एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ब्लड बैंक को मेडिकल कॉलेज से टैग करने का निर्देश भी पूर्व में दिया गया था. समीक्षा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों द्वारा जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया कि इस निर्देश का भी अनुपालन कर दिया गया है. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का प्रभावी एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया.


