CHHAPRA DESK - सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज मिलाद-उन-नबी पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों सहित विधि-व्यवस्था से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. प्रशासनिक बैठक से पूर्व जिला पदाधिकारी ने विभिन्न थाना क्षेत्रों की शांति समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पर्व को लेकर स्थानीय स्तर पर की जा रही तैयारियों, जुलूस के मार्ग, संवेदनशील स्थलों, संभावित चुनौतियों एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर फीडबैक प्राप्त किया. उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव कायम रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की. इसके पश्चात प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में पर्व के दौरान जिले में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए की जा रही तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
जुलूस के लाइसेंस, रूट सत्यापन एवं आयोजकों की जिम्मेदारी पर विशेष जोर
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जुलूस के लिए नियमानुसार लाइसेंस हेतु आवेदन प्राप्त किया जाए. आयोजक द्वारा प्रस्तुत आवेदन में जुलूस का निर्धारित रूट, समय, अनुमानित संख्या तथा जुलूस में शामिल होने वाले घोड़े, हाथी, ऊंट आदि की संख्या सहित सभी आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से अंकित कराया जाए. आयोजक एवं उनके सहयोगियों की पहचान संबंधी आवश्यक जानकारी, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर आदि का विधिवत संधारण करने तथा जुलूस के साथ पर्याप्त संख्या में उत्तरदायी वालंटियरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि भीड़ को नियंत्रित एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग मिल सके.
डीजे बजाने पर रहेगा प्रबंध
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस में डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए. साथ ही, आवेदन में निर्धारित जुलूस के समय और वास्तविक समय में किसी प्रकार का अंतर स्वीकार्य नहीं होगा. निर्धारित समय का उल्लंघन होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

