CHHAPRA DESK- सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है जहां तालाब में स्नान करने गए तीन छात्रों की मौत डूबकर हो गई. समाचार प्रेषण तक दो छात्रों के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जबकि तीसरे शव की तलाश अभी भी जारी है. इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में शव की तलाश शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर दो किशोर का शव बरामद कर लिया गया. जबकि तीसरे किशोर के शव की तलाश जारी है. मृतकों में स्थानीय थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी कमलेश सिंह का 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार, सुशील कुमार सिंह का 12 वर्षीय पुत्र अंश कुमार एवं सोनू कुमार का 12 वर्षीय पुत्र नवनीत कुमार शामिल हैं. समाचार प्रेषण तक दिव्यांशु कुमार एवं अंश कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया जारी थी.
ट्यूशन से लौटने के दौरान साइकिल व बैग के साथ कपड़ा घाट पर छोड़कर गए थे स्नान करने
बताया जाता है कि तीनों किशोर ट्यूशन से लौटने के दौरान तालाब के घाट पर साइकिल खड़ी करने के बाद बैग व कपड़ा खोलकर नहाने चले गए, जहां देखते ही देखते एक-एक करके तीनों छात्र डूब गए. इधर घर वाले उनकी खोजबीन कर रहे थे, तभी राहगीरों ने जब घाट पर किसी को नहीं देखा और बैग व साइकिल देखा तो आशंका वश बैग को जब चेक किया गया तो पाया गया कि उसमें दिव्यांशु के स्कूल का आई कार्ड पड़ा हुआ था. जिसके आधार पर उनकी पहचान की गई. वहीं सूचना के बाद घर वाले जब वहां पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई. वहीं घर वालों ने खोजबीन की तो पता चला कि कोचिंग से पढ़ाई कर लौटने के दौरान तीनों गांव के तालाब में स्नान करने चले गए. जिसके बाद अन्य दो छात्रों के घर वाले भी रोते-पीटते मौके पर पहुंचे. जिसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली तथा एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. जिसके बाद एक-एक कर दिव्यांशु एवं अंश के शव को तालाब से निकाल दिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि नवनीत के शव की तलाश अभी भी जारी है.
