CHHAPRA DESK –  आगामी मुहर्रम के अवसर पर विधि व्यवस्था सामान्य बनाये रखने को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार की अध्यक्षता में आज जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक आहुत की गई. सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को स्थानीय शान्ति समिति की बैठक सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं सभी कार्यक्रमों की तिथि एवं समय के साथ सूची तैयार कर उसी अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. भारत नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत अधिक से अधिक असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखते हुए किसी भी तरह के आपत्तिजनक एवं अफवाहजनक संवाद पोस्ट करने वालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई करें. सभी संवेदनशील क्षेत्रों में गहन पेट्रोलिंग विशेष रूप से बाइक पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जायेगी.

Add

आसूचना संकलन पर विशेष बल देने को कहा गया. सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने कर्त्तव्य स्थल पर निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे. साफ सफाई को लेकर तथा रूट मार्ग पर विशेष चौकसी बरतने का निर्देश सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को दिया गया. बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता विधि व्यवस्था, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी आदि जुड़े थे.