CHHAPRA DESK- सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित सारण जिला भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी, सारण वैभव श्रीवास्तव ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मांझी स्थित रामघाट परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, आकर्षक लाइटिंग, मंच, हैंगर, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. इसके पश्चात दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर मिशन कायाकल्प के तहत हुए कार्यों, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, एस्ट्रोनॉमी लैब, रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने बच्चों की सक्रिय सहभागिता के साथ इन सुविधाओं का प्रभावी एवं व्यावहारिक प्रदर्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लर्निंग आउटकम एवं खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने की गतिविधियों का भी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण को लेकर सभी तैयारियां आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं. स्वच्छता, सुरक्षा, सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के संभावित सारण दौरे को लेकर तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा अधिकांश व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं.